

चंपावत। बीते दिन टनकपुर के छीनीगोठ में अचानक उफनी हुड्डी नदी ने तीन ग्रामीणों की राह रोक दी। पशुओं के लिए चारा लेने नदी के पार गए ग्रामीण जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण वहीं फंस गए। हालात बिगड़ते देख सूचना प्रशासन तक पहुंची तो महकमे में हलचल मच गई। तत्काल SDRF को अलर्ट किया गया और उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच SDRF जवानों ने जोखिम उठाते हुए अभियान चलाया और तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार निकाल लिया।
ग्राम प्रधान छीनीगोठ से मिली सूचना के बाद राजस्व विभाग ने मामले को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तक पहुंचाया। इसके बाद SDRF पोस्ट टनकपुर की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर नदी का बहाव तेज था और जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ अभियान चलाकर ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सुरक्षित निकाले गए ग्रामीणों में पार्वती तिवारी (36) पत्नी दीपक तिवारी, मुकेश जोशी (50) पुत्र हरिदत्त जोशी और दीपक तिवारी (40) पुत्र हरिनंदन तिवारी, निवासी छीनीगोठ शामिल हैं।
बारिश के मौसम में प्रशासन अलर्ट मोड पर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों और राहत-बचाव टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को तत्काल सक्रिय कर राहत-बचाव कार्य कराया जा रहा है।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील जिला प्रशासन ने बारिश के दौरान बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे अथवा जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने को कहा है।
फोटो_उफनती हुड्डी नदी के बीच फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित निकालती SDRF टीम।





