चंपावत: एनएचएम के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि होंगे श्यामनारायण पांडेय।

Share This Post

18 अक्टूबर को हरिद्वार में जुटेंगे प्रदेशभर के स्वास्थ्यकर्मी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि।

चंपावत। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड की ओर से 18 अक्टूबर को हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में होने वाले सम्मेलन में दर्जा राज्य मंत्री एवं वन एवं पर्यावरण समिति के सलाहकार उपाध्यक्ष श्यामनारायण पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने दर्जा राज्य मंत्री श्यामनारायण पांडेय से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई।

दर्जा राज्य मंत्री श्यामनारायण पांडेय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित यह सम्मेलन प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में उपयोगी साबित होगा।

सम्मेलन में प्रदेशभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और स्वास्थ्यकर्मी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर एनएचएम कोर कमेटी के सदस्य गौरव पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी के संगठन मंत्री प्रेम बल्लभ भट्ट, जिला कार्यकारिणी के महासचिव दिनेश चंद्र, संगठन मंत्री जीवन बगोली और सचिव जगदीश जोशी मौजूद रहे।

फोटो_मंत्री पांडेय को प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आमंत्रण पत्र सौंपते एनएचएम के पदाधिकारी।


Share This Post