

चंपावत। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और पुलिस के मनोबल के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
पांडे ने कहा कि रैली के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसी के तहत एसएसपी द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही थीं। ऐसे में किसी राजनीतिक दल के जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि आईपीएस अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आ सकता है, लेकिन राजनीतिक पद पर बैठा व्यक्ति कभी भी आईपीएस अधिकारी नहीं बन सकता। पुलिस अधिकारी दिन-रात जनता की सुरक्षा के लिए काम करते हैं। उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार पुलिस बल का मनोबल प्रभावित कर सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि सामने आए वीडियो को देखकर आम लोगों में भी नाराजगी है। उन्होंने घटना में शामिल नेताओं से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और आम जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और कानून-व्यवस्था का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है।
फोटो_भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे।




