चंपावत। खर्ककार्की मार्ग पर संचालित पेयजल परियोजना का बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही आम जनता को हो रही परेशानियों पर गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य तभी सार्थक हैं, जब आम जनता को सुरक्षित और सुगम सुविधाएं मिलें। उन्होंने सड़कों पर खुले छोड़े गए चेंबरों, अधूरे समतलीकरण और सुरक्षा मानकों में कमी को गंभीर लापरवाही बताते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खर्ककार्की स्थित पटवारी चौकी का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है तथा कार्य पूर्ण होने के बाद मार्गों को तत्काल आवागमन योग्य बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्य, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो_ खर्ककार्की मार्ग पर पेयजल परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: खर्ककार्की में डीएम का औचक निरीक्षण, जनसुरक्षा में लापरवाही पर सख्त तेवर।

