चंपावत: खूनाबोरा में जन चौपाल, डीएम ने सुनीं समस्याएं; 109 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ।

Share This Post

लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत भूमलाई के खूनाबोरा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को अधिकांश मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। कुल 109 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। स्वास्थ्य परीक्षण, होम्योपैथिक उपचार, कृषि संबंधी जानकारी, प्रमाण-पत्र, खाता-खतौनी में नाम दर्ज कराने सहित कई सेवाओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

बाइट_ जिलाधिकारी मनीष कुमार


शिविर में पेयजल, बिजली, सड़क, पुल, कलवर्ट, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, विद्यालयों में फर्श निर्माण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े करीब 25 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने वर्ष 2008 से बंद पेयजल योजना को दोबारा शुरू करने, ऋषिकेश्वर मंदिर में रेलिंग व टिन शेड लगाने तथा ‘अपना स्कूल, अपनी जमीन’ योजना के तहत विद्यालय भूमि को मालिकाना हक दिलाने की मांग भी उठाई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक प्रशासन और सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो सके। उन्होंने लोगों से आगामी शिविरों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और शासन स्तर के मामलों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। शिविर में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

फोटो_खूनाबोरा में आयोजित जन-समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post