चंपावत: गड्ढों पर पेंट कर बेरोजगार संगठन ने जताया विरोध।

Share This Post

छतार पेट्रोल पंप से कोतवाली तक एनएच की बदहाली पर जताई नाराजगी, शीघ्र मरम्मत की मांग

चंपावत। छतार पेट्रोल पंप से कोतवाली तक राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति के खिलाफ बेरोजगार संगठन ने विरोध जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने सड़क पर बने गड्ढों को पेंट से चिन्हित कर संबंधित विभाग का ध्यान सड़क की खराब स्थिति की ओर खींचा।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छतार से कोतवाली के बीच कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ गई है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि मार्ग पर लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क की बदहाली दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
मादली क्षेत्र में कुछ दिन पहले सड़क हादसे में एक व्यापारी की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। संगठन ने सड़क की स्थिति को देखते हुए शीघ्र सुधारीकरण की मांग की है।

बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष हिमांशु गढ़कोटी ने कहा कि गड्ढों को भरने के साथ सड़क की गुणवत्ता और नियमित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की।

फोटो_ सड़क के गड्ढों को पेंट से चिन्हित कर विरोध जताते बेरोजगार संगठन के पदाधिकारी।


Share This Post