चंपावत: जन-जन की सरकार पहुंची सीमांत के गांव, 47 शिकायतों पर कार्रवाई और 473 लोगों को मिला लाभ।

Share This Post

चंपावत। पहाड़ के दूरस्थ गांव झालाकुड़ी में शुक्रवार को सरकार खुद जनता के द्वार पहुंची। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त 47 शिकायतों और मांगपत्रों में अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध निर्देश दिए गए।
विकासखंड चंपावत के प्राथमिक विद्यालय झालाकुड़ी में लगे शिविर में श्रम कार्ड, पेयजल, बिजली, सड़क, सोलर लाइट, घेरबाड़, गौशाला निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित न रखा जाए।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, आयुष, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन और पूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाए।
यहां 473 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ, प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण किया, जबकि आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग ने भी परामर्श और औषधियां प्रदान कीं।
ग्रामीणों ने पेंशन, स्कूली बच्चों के आवागमन, हैंडपंप, सार्वजनिक शौचालय, सोलर लाइट और क्षतिग्रस्त आवास जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

शिविर के समापन पर जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो/व्यूजल_झालाकुड़ी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post