चंपावत: डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, लघु सिंचाई विभाग में अधिशासी अभियंता समेत कई कर्मचारी गायब।

Share This Post

कार्यालय में पसरा मिला सन्नाटा, डीएम ने वेतन रोकने के साथ मांगा जवाब।


चंपावत। सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली सुधारने और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। शुक्रवार को डीएम ने छतार स्थित लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां का हाल देखकर वह खुद भी हैरान रह गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता समेत करीब आधा दर्जन कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित मिले। जैसे ही जिलाधिकारी के पहुंचने की सूचना मिली, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कुछ कर्मचारी आनन-फानन में कार्यालय पहुंचे, लेकिन तब तक डीएम स्थिति का जायजा ले चुके थे। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए और स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो विभागीय और प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी। डीएम मनीष कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्र से लोग अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं आते, यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जब विभाग का मुखिया ही अनुशासनहीनता दिखाएगा तो उसका सीधा असर पूरे कार्यालय की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा। जिलाधिकारी ने अन्य अनुपस्थित कर्मचारियों से भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद अन्य विभागों में भी हड़कंप का माहौल बना हुआ है।


फोटो – छतार स्थित लघु सिंचाई विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post