चंपावत: दीपक फुलेरा प्रकरण पर पत्रकारों का आक्रोश, मुकदमा निरस्त करने की मांग

Share This Post

चंपावत पत्रकार संगठन ने सीएम से की कार्रवाई की मांग, पत्रकार उत्पीड़न पर जताई चिंता।

चंपावत। चंपावत जिला पत्रकार संगठन (CZPA) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर खटीमा में वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग उठाई। संगठन ने पत्रकार उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
ज्ञापन में कहा गया कि  दीपक फुलेरा ने हाल ही में खटीमा के चकरपुर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी और लंबी कतारों को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी। इसके बाद भाजपा मंडल महामंत्री की तहरीर पर पुलिस ने बिना पर्याप्त जांच के धारा 353(1)(B) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसे संगठन ने दुर्भावनापूर्ण बताया।
पत्रकार संगठन का कहना है कि आम लोगों की शिकायतों पर जहां कार्रवाई धीमी रहती है, वहीं जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर त्वरित मुकदमा दर्ज होना पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला करार दिया गया।
संगठन ने मांग की कि दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लिया जाए और भविष्य में पत्रकारों के उत्पीड़न को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली और जिला महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गणेश पांडे, चंद्रशेखर जोशी, विनोद चतुर्वेदी, पंकज पाठक, दिनेश भट्ट, महेंद्र बिष्ट, नवीन भट्ट, सूरी पंत सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।


Share This Post