मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बन रहा पार्क, नगरवासियों को जल्द मिलेगी आधुनिक सार्वजनिक सुविधा।
चंपावत। मॉडल जिला चंपावत की दिशा में नगर को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों के बीच नागनाथ वार्ड में रजत जयंती पार्क का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मुख्यमंत्री घोषणा के तहत स्वीकृत इस पार्क के निर्माण से नगरवासियों को जल्द ही एक बेहतर सार्वजनिक स्थल की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद चंपावत की ओर से पार्क निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय के निर्देशन में निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। पालिका की ओर से संबंधित अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्माण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
रजत जयंती पार्क के तैयार होने के बाद बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को घूमने, व्यायाम और योग के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थान मिलेगा। पार्क नगर में हरित क्षेत्र के विस्तार के साथ ही सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगा। इसके तैयार होने के बाद यह नगरवासियों के लिए एक उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा कि मॉडल जिला चंपावत के लक्ष्य को साकार करने के लिए जनसुविधाओं का विस्तार जरूरी है। नगर पालिका जनहित और नगर विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि रजत जयंती पार्क का निर्माण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि नगरवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
फोटो_नागनाथ वार्ड में निर्माणाधीन रजत जयंती पार्क का खूबसूरत नजारा।
चंपावत: नागनाथ वार्ड में विकास की नई सौगात, रजत जयंती पार्क का निर्माण तेज।
