चंपावत: पत्रकार दीपक फुलेरा पर मुकदमा दर्ज होने से पत्रकारों में उबाल, भाजपा नेता का पुतला फूंका

Share This Post

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, कहा—पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं।

चंपावत। खटीमा में रसोई गैस की किल्लत को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग करने वाले वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के विरुद्ध भाजपा के एक स्थानीय नेता द्वारा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से जिले के पत्रकारों में भारी रोष फैल गया है। घटना के विरोध में पत्रकारों ने चंपावत में एकत्र होकर संबंधित भाजपा नेता का चौराहे पर पुतला फूंकते हुए अपना आक्रोश जताया।
इसके बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार समाज की आवाज होता है और जनता की समस्याओं को उजागर करना उसका कर्तव्य है। पत्रकार दीपक फुलेरा का ‘अपराध’ केवल इतना था कि उन्होंने खटीमा क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर ग्राउंड पर जाकर वास्तविक हालातों को सामने लाने का प्रयास किया।
पत्रकारों का कहना है कि संबंधित भाजपा नेता इस सच्चाई को पचा नहीं पाया और उसने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने भी बिना किसी जांच-पड़ताल के सीधे मामला दर्ज कर दिया।
पत्रकारों ने कहा कि यदि पत्रकार ही जनता की आवाज उठाने से डरने लगेंगे तो आम लोगों की समस्याएं सामने कैसे आएंगी। उन्होंने इस कार्रवाई को पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला बताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस घटना की आम लोगों द्वारा भी निंदा की जा रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं पीटीआई संवाददाता दिनेश पांडे, संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, चंद्र शेखर जोशी,सतीश जोशी, गिरीश बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट,पंकज पाठक, दिनेश भट्ट, विपिन जोशी,राहुल महर, सूरी पंत,पूर्व पत्रकार संजय जोशी सहित जिले के कई पत्रकार मौजूद रहे।

फोटो_चंपावत में पत्रकार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने वाले भाजपा नेता का पुतला फूंकते पत्रकार।


Share This Post