चंपावत: पूर्णागिरि मार्ग पर गिरा पेड़, फायर टीम ने त्वरित कार्रवाई कर बहाल किया यातायात।

Share This Post

टनकपुर। पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग पर हनुमान चट्टी के समीप शुक्रवार को सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मार्ग से पेड़ हटाते हुए यातायात सुचारु करा दिया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में संचालित राहत अभियान के तहत फायर कर्मियों ने वुडन कटर, आरा और कुल्हाड़ी की सहायता से गिरे हुए पेड़ को काटकर सुरक्षित ढंग से सड़क से हटाया। टीम की त्वरित कार्रवाई से मार्ग पर फंसे श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को शीघ्र राहत मिली तथा यातायात सामान्य हो गया।
बरसात के मौसम को देखते हुए पूर्णागिरि मार्ग पर किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं फायर सर्विस की टीमें लगातार सतर्क हैं। समय रहते मार्ग खुल जाने से संभावित दुर्घटनाओं और लंबी जाम की स्थिति से भी बचाव हो गया।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान यात्रा करते समय सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस अथवा फायर सर्विस को दें।

फोटो_हनुमान चट्टी के समीप पूर्णागिरि मार्ग पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात बहाल करते फायर स्टेशन टनकपुर के जवान।


Share This Post