28 जून को बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, छूटे बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम।
लोहाघाट। राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के तहत 28 जून को आयोजित होने वाले पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए विकासखंड लोहाघाट में आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पोलियो उन्मूलन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराट राठी ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस पर क्षेत्र के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को अभियान की कार्यप्रणाली, घर-घर सर्वेक्षण, छूटे हुए बच्चों की पहचान तथा अभिभावकों को जागरूक करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण बीपीएम राकेश पंत, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर निर्मला पुनेठा एवं बीएलए उमेश जोशी द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर उपस्थित रहे। सभी ने पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अभियान को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
फोटो – प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को पल्स पोलियो अभियान की जानकारी देते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।
चंपावत: पोलियो उन्मूलन को लेकर लोहाघाट में जागरूकता का बिगुल, आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण।
