

पेयजल, सोलर लाइट, सड़क और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े मामलों पर डीएम ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश।
चंपावत। लगातार हो रही भारी बारिश भी फरियादियों के कदम नहीं रोक सकी। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 65 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी मनीष कुमार के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में पेयजल, सड़क, विद्युत, सोलर स्ट्रीट लाइट, बाढ़ सुरक्षा, सुरक्षा दीवार, चेनलिंक फेंसिंग, आर्थिक सहायता और पूर्ति विभाग से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतें महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न हो और विभागीय प्रक्रिया वाले मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर फरियादी को भी इसकी जानकारी दी जाए।
ढकना पैदल मार्ग के समीप निर्माणाधीन वृद्धाश्रम के पास आपदा से सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग को लेकर प्रकाश चन्द्र ने प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और अधिशासी अभियंता मंडी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम गोली, पोस्ट बिरगुल निवासी नवीन सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग रखी। इस पर डीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भुमलाई की सुनीता पुनेठा, तल्ली चानमारी की भावना जोशी और बाजरीकोट के खीमानन्द जोशी ने अपने क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उरेडा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा ने खरही क्षेत्र के टपोला गधेरे के दाएं पार्श्व में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने की मांग उठाई। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि हालिया बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल संरचनाओं की मरम्मत, आपदा प्रभावित निजी परिसंपत्तियों, सड़क निर्माण, सीमांत एवं वन क्षेत्रों में सोलर लाइट तथा निजी भूमि से जुड़े मामलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन के साथ ही जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, ई-डीपीआर और माई भारत वॉलंटियर्स से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान परियोजना निदेशक अजय सिंह, उपजिलाधिकारी चम्पावत बीसी पंत, एपीडी विमी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो_ दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




