चंपावत: बीमारी-तंगी से जूझ रहे परिवार पर बारिश की मार, ढही आंगन की दीवार।

Share This Post

मकान पर मंडराया भूस्खलन का खतरा, परिवार ने प्रशासन से लगाई तत्काल मदद की गुहार

पाटी। बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार की मुश्किलें लगातार बारिश ने और बढ़ा दी हैं। पाटी विकासखंड की बासवाड़ी ग्रामसभा के रिजेधार क्षेत्र में रविवार सुबह बारिश के बीच मकान के आंगन की लंबी दीवार का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। दीवार गिरने के बाद मकान की सुरक्षा को लेकर परिवार में डर का माहौल है।

पीड़ित गिरीश चंद्र जोशी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। रविवार सुबह अचानक आंगन की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार क्षतिग्रस्त होने से मकान के आसपास की जमीन भी कमजोर हो गई है और बारिश जारी रहने पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
गिरीश चंद्र के मुताबिक परिवार पहले से ही गंभीर बीमारी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। ऐसे में मकान पर मंडराता खतरा उनकी मुश्किलों को और बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो बारिश बढ़ने पर मकान को गंभीर नुकसान हो सकता है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, खतरे का आकलन करने और जरूरी सुरक्षा कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक राहत और सुरक्षा इंतजाम जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

फोटो_रिजेधार में बारिश के बाद ढही आंगन की दीवार और खतरे की जद में आया मकान।


Share This Post