चंपावत: ब्रिक्स सम्मेलन में वैश्विक मंच पर गूंजेगी पहाड़ की आवाज।

Share This Post

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अर्थशास्त्री जोशी हिमालयी क्षेत्र के परिप्रेक्ष्य में रखेंगे अपने विचार।

चंपावत। पहाड़ के एक छोटे से गांव किमाड़-देवीधुरा से निकली प्रतिभा अब दुनिया के बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। लोहाघाट क्षेत्र के राजशेखर जोशी 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में प्रतिभाग कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रखेंगे।
राष्ट्राध्यक्षों की अंतरराष्ट्रीय बैठक से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन में वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक और भविष्य के उभरते अवसरों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में सार्वभौम संपदा कोष के जरिए वैश्विक निवेश की संभावनाओं, तकनीक के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव और आने वाले समय के नए अवसरों पर मंथन किया जाएगा।

राजशेखर जोशी सम्मेलन में अपने विचार रखने के साथ अंतरराष्ट्रीय निवेश कोषों के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे। इस संवाद के जरिए भारत और उत्तराखंड जैसे तेजी से आगे बढ़ रहे क्षेत्रों में वैश्विक निवेश और आधुनिक तकनीक की संभावनाओं को समझने तथा नई संभावनाओं को विकास से जोड़ने पर जोर रहेगा।

किमाड़-देवीधुरा जैसे पहाड़ी गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची राजशेखर जोशी की यह भागीदारी लोहाघाट और पूरे चंपावत के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। स्थानीय धरातल से वैश्विक मंच तक पहुंची यह आवाज अब विकास, निवेश और तकनीक की नई संभावनाओं पर दुनिया के प्रतिनिधियों के बीच अपनी बात रखेगी।

फोटो_ राजशेखर जोशी।


Share This Post