चंपावत: भिंगराड़ा के नौनिहालों ने रचा इतिहास, मेधावी छात्रवृत्ति में 85,200 रुपये झटके।

Share This Post

भिंगराड़ा (चंपावत)। संसाधनों की कमी और पहाड़ की कठिन परिस्थितियों के बीच भिंगराड़ा के होनहारों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। राजकीय इंटर कॉलेज भिंगराड़ा के छात्रों ने उत्तराखंड मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85,200 रुपये की छात्रवृत्ति अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
इस बड़ी सफलता के पीछे कक्षा 7 के दिवस भट्ट और नरेश चंद्र, कक्षा 9 के शिवम, कक्षा 10 के युवराज सिंह, तथा कक्षा 11 के अंकित भट्ट, हिमांशु भट्ट और हेमा जोशी की कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प है। सीमित संसाधनों में पढ़ाई कर इन बच्चों ने यह साबित कर दिया कि जुनून और लगन हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज पंत ने इस उपलब्धि को “भिंगराड़ा की नई पहचान” बताते हुए कहा कि यह सफलता पूरे लधियाघाटी क्षेत्र के लिए प्रेरणा का दीपक बनेगी। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को भी इस उपलब्धि का बड़ा कारण बताया।
छात्रों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रीय जनता में उत्साह का माहौल है। गांव-गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है और हर कोई इन होनहारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।


Share This Post