

8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक होगा घर-घर सत्यापन
चंपावत। मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इस दौरान मतदाता सूची का निरीक्षण किया जाएगा। पात्र मतदाता का नाम छूटने या अपात्र नाम दर्ज होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति की जा सकेगी।
12 से 20 अक्टूबर तक राजनीतिक दलों के बीएलए-2 घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नए जोड़े गए नामों की भी जांच होगी। पात्र मतदाता का नाम छूटा होने पर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ा जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी ने बताया कि लोहाघाट और चंपावत विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,90,988 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,00,802 पुरुष और 90,185 महिला मतदाता हैं। अब तक 3,539 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जबकि 1,473 नाम हटाए गए हैं।
बैठक में भाजपा और कांग्रेस के बीएलए-1 सहित एसडीएम बीसी पंत, जिला समन्वयक स्वीप जीवन कलौनी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ मतदाता सूची सत्यापन को लेकर बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि।




