चंपावत: मां बाराही के दरबार में गूंजी विश्व कल्याण की प्रार्थना, मदन बोहरा ने परिवार संग की विशेष पूजा।

Share This Post

देवीधुरा/लोहाघाट। देवीधुरा के प्रसिद्ध मां बाराही धाम में बुधवार को आस्था और सेवा का संगम देखने को मिला। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं मां बाराही के अनन्य उपासक मदन सिंह बोहरा ने धर्मपत्नी देवकी बोहरा के साथ विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने मां बाराही से क्षेत्रवासियों सहित देश-दुनिया में खुशहाली और शांति की प्रार्थना की।
सिमल कन्या गांव निवासी मदन सिंह बोहरा ने गुरुग्राम निवासी समाजसेवी गीता अग्रवाल एवं उनके चारों पुत्रों के परिवारों की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए भी विशेष पूजा कराई।
मदन सिंह बोहरा की प्रेरणा से समाजसेवी पद्मा चंद्र अग्रवाल का जुड़ाव भी मां बाराही धाम से हुआ था। मां के दर्शन के बाद उन्होंने देवीधुरा क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद बच्चों की मदद को सेवा का माध्यम बनाया। बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही हर वर्ष जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र वितरित किए जाते रहे।
पद्मा चंद्र अग्रवाल के निधन के बाद उनकी धर्मपत्नी गीता अग्रवाल ने सेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ाया। अग्रवाल परिवार आज भी देवीधुरा क्षेत्र के जरूरतमंदों की सहायता में योगदान दे रहा है। परिवार का मानना है कि मां बाराही की कृपा और जरूरतमंदों की दुआओं से उनके जीवन में निरंतर प्रगति हुई है।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मदन सिंह बोहरा ने कहा कि मां बाराही की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में जरूरतमंदों की सेवा की भावना और मजबूत हो, यही उनकी प्रार्थना है।

फोटो_देवीधुरा स्थित मां बाराही धाम में धर्मपत्नी के साथ विशेष पूजा-अर्चना करते सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह बोहरा।


Share This Post