चंपावत में एसआईआर अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 95.10 फीसदी नोटिस वितरण पूरा।

Share This Post

कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा हो अभियान- डीएम।

चंपावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में चंपावत जिले ने तेज गति से काम करते हुए 95.10 प्रतिशत नोटिसों का वितरण पूरा कर लिया है। रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
डीएम ने बूथ स्तर पर नोटिस वितरण, सुनवाई की प्रगति और सत्यापन से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सुनवाई से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो दोबारा नोटिस जारी किए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर नोटिस चस्पा करने के साथ ही परिवार और पड़ोसियों के माध्यम से भी सत्यापन कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और दावों एवं आपत्तियों का तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की “बुक-ए-कॉल विद बीएलओ” सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से मतदाता सीधे बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि 54-लोहाघाट और 55-चंपावत विधानसभा क्षेत्रों में कुल 57,261 नोटिसों में से 54,455 का वितरण पूरा हो चुका है। शेष मामलों में सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एसडीएम बी.सी. पंत, एसडीएम नीतू डागर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी सहित सभी ईआरओ और एईआरओ वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

फोटो_ एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post