

छुलापें-कोचरा के विद्वान शिक्षक को मिली अहम जिम्मेदारी, गांव में खुशी की लहर; ग्रामीणों ने बताया गौरव का पल।
चंपावत। बाराकोट ब्लॉक के छुलापें-कोचरा गांव निवासी संस्कृत विद्वान एवं शिक्षक डॉ. नवीन चंद्र पंत को संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दर्जा राज्यमंत्री का दर्जा देते हुए उपाध्यक्ष पद पर नामित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया है।
डॉ. नवीन चंद्र पंत वर्तमान में हरिद्वार स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ संस्कृत महाविद्यालय में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वह संस्कृत संस्थान के विशेष आमंत्रित सदस्य भी हैं। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और उसे जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए वह लंबे समय से प्रयासरत हैं। संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. पंत की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज बरदाखान में हुई। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार से उच्च शिक्षा प्राप्त की। सम्मान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी संस्कृत भाषा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को और मजबूती देगी।
उनके उपाध्यक्ष पद पर नामित होने पर ग्रामवासियों ने बधाई देते हुए कहा कि गांव के विद्वान शिक्षक और बड़े भाई के समान आदरणीय डॉ. नवीन चंद्र पंत को मिली यह जिम्मेदारी समस्त ग्रामवासियों के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीणों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए ईष्ट देवता और भूमिया देवता से आशीर्वाद की प्रार्थना की।
डॉ. पंत को बधाई देने वालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संस्कृत संस्थान के सचिव डॉ. विनय विद्यालंकार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सतीश चंद्र पांडे, डॉ. कीर्तिबल्लभ सकटा, डॉ. वेद प्रकाश पंत, डॉ. हरिशंकर गहतोड़ी, हरीश कॉलोनी, भगवान जोशी, प्रकाश उपाध्याय और राजू गढ़कोटी सहित अनेक लोग शामिल हैं। उनके गृह क्षेत्र आगमन पर नागरिक अभिनंदन की तैयारी की जा रही है।
फोटो_दर्जा राज्यमंत्री एवं उपाध्यक्ष पद पर नामित डॉ. नवीन चंद्र पंत के साथ मौजूद लोग।




