

पाटी। लंबे समय से उप जिलाधिकारी की तैनाती का इंतजार कर रहे पाटी परगने को आखिरकार नया एसडीएम मिल गया है। 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी उज्जवल डालाकोटी ने कार्यभार संभाल लिया है। उनके आने से क्षेत्र में प्रशासनिक कामकाज को गति मिलने और आम जनता की समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उम्मीद जगी है।
प्रशिक्षण के बाद पाटी की जिम्मेदारी संभालने वाले
एसडीएम डालाकोटी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह और पारदर्शी बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए मौके पर कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने और लोगों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
एसडीएम ने पाटी में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है।
फोटो_पाटी के नव नियुक्त एसडीएम उज्जवल डालाकोटी।




