चंपावत में ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित, 1.88 लाख से अधिक मतदाता शामिल; 13 अगस्त तक करें दावा-आपत्ति।

Share This Post

चंपावत, 14 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के प्रथम चरण के बाद जनपद चंपावत की ड्राफ्ट मतदाता सूची मंगलवार को प्रकाशित कर दी गई। सूची में 1,88,924 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। साथ ही जनपद में मतदान केंद्रों की संख्या 344 से बढ़ाकर 354 कर दी गई है। अब 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में संचालित इस अभियान की जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई तक गणना पत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
उन्होंने बताया कि प्रकाशित सूची में कुल 1,88,924 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें से करीब 24,315 मतदाताओं के अभिलेखों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां चिन्हित हुई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित ईआरओ (ERO) एवं एईआरओ (AERO) द्वारा नोटिस जारी कर सुनवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सुनवाई होगी और सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं फॉर्म-7 से नाम विलोपन और फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता विवरण में संशोधन कराया जा सकता है। आवेदन संबंधित बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन अथवा ECINet ऐप के जरिए ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के साथ घोषणा पत्र (एनेक्सचर-4) संलग्न करना अनिवार्य होगा। आयोग ने पहचान एवं पात्रता के लिए आधार संबंधी प्रावधानों सहित पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, सरकारी पहचान पत्र, भूमि या मकान आवंटन पत्र समेत अन्य मान्य दस्तावेजों की सूची भी जारी की है।


Share This Post