चंपावत: लोहाघाट में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सरकारी भूमि कराई कब्जामुक्त।

Share This Post

डाक बंगला रोड व सिद्धेश्वर बारात घर के पास बड़ी कार्रवाई, डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर चला अभियान।

लोहाघाट/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अतिक्रमण मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत चम्पावत जिला प्रशासन ने बुधवार को लोहाघाट में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों को कब्जामुक्त कराया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश तथा उपजिलाधिकारी नीतू डांगर के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने डाक बंगला रोड एवं सिद्धेश्वर बारात घर के समीप वर्षों से किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले डाक बंगला रोड पर सड़क और पैदल मार्ग में बाधा बने अवैध निर्माणों को हटाया। इसके बाद सिद्धेश्वर बारात घर के नीचे सरकारी भूमि पर किए गए पक्के और कच्चे अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक मार्गों और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों और स्थानीय लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि जनहित, सुगम यातायात और शहर की व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनपदभर में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मोइन मलिक, नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, पुलिस, राजस्व विभाग, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_लोहाघाट के डाक बंगला रोड पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी की मदद से कार्रवाई करता प्रशासन।


Share This Post