चंपावत: लोहाघाट में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आगाज़, पहले ही दिन 360 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज।

Share This Post

तीन दिवसीय शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, एएनसी, एक्स-रे और रक्त जांच सहित कई सेवाएं रहीं उपलब्ध

लोहाघाट/चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चंपावत की ओर से “सेवा, सुशासन और समर्पण” अभियान के तहत उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने किया। पहले ही दिन 360 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया। साथ ही एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक जिला अस्पताल चम्पावत के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लोहाघाट में मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी मरीज को बेहतर इलाज से वंचित न रहना पड़े।
शिविर में उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के सीएमएस डॉ. वीराज राठी के नेतृत्व में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ, फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण मिश्रा सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य कर्मचारियों ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Share This Post