चंपावत। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में तहसील चंपावत के पटवारी क्षेत्र मुड़ियानी के एक तोक में राजस्व विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई सड़क को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।
तहसीलदार ब्रज मोहन आर्य ने बताया कि ग्राम खर्क कार्की निवासी प्रेम सिंह अधिकारी द्वारा राजस्व भूमि पर अवैध कटान और खुदान कर अपने घर तक निजी सड़क का निर्माण कराया गया था। शिकायत और जांच के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक दीनदयाल वर्मा और राजस्व उपनिरीक्षक विनोद देव की मौजूदगी में जेसीबी से सड़क को ध्वस्त किया गया। वहीं जिला खान अधिकारी राहुल साह, भूवैज्ञानिक डॉ. हरीश बिष्ट, गौरव पुनेठा और हरीश राम ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन के मामले में चालानी कार्रवाई भी की।
उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
फोटो_मुड़ियानी क्षेत्र में राजस्व भूमि पर बनी अवैध सड़क को जेसीबी से ध्वस्त करती प्रशासनिक टीम।

