मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, चंपावत को मिली ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाएं

Share This Post

₹349.98 लाख के जिम कॉर्बेट ट्रेल का लोकार्पण, सिटी सेंटर का भूमि पूजन; बोले- चम्पावत को बनाएंगे उत्तराखंड का मॉडल जनपद

चंपावत, 29 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत दौरे के दौरान जिले को ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण आठ योजनाओं का लोकार्पण और ₹96 करोड़ की लागत से नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही ₹349.98 लाख की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का लोकार्पण कर पर्यटन को नई दिशा देने का संदेश दिया, जबकि बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनकी सरकार का संकल्प है। सीमांत जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और चम्पावत आज शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, महिला सशक्तिकरण, कृषि तथा रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल सड़कें और भवन नहीं बना रही, बल्कि ऐसा चम्पावत तैयार कर रही है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें। उन्होंने बताया कि लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से बनने वाला बहुमंजिला सिटी सेंटर नगर की पार्किंग समस्या का समाधान करेगा और स्थानीय व्यापार को नई रफ्तार देगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। इसके अलावा कृषि महाविद्यालय, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य जनसुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के विजन के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और वाराही धाम सहित धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में आधुनिक आईएसबीटी और मीडिया सेंटर, लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के आवास, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र के निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के लोगों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, शिक्षकों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

फोटो_ मुख्यमंत्री धामी द्वारा विकास योजनाओं का विधिवत लोकार्पण एवं शिलान्यास।


Share This Post