

मीना बाजार के सभी प्रतिष्ठान रहे बंद, बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
लोहाघाट। नगर के प्रतिष्ठित नागरिक नरेंद्र लाल शाह के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका विगत दिवस हल्द्वानी में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर लोहाघाट लाया गया, जहां श्रषेश्वर घाट में पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र मुकुल, संजय, मनोज और जितेंद्र ने चिता को मुखाग्नि दी। नरेंद्र लाल शाह श्री राम सेवा सांस्कृतिक समिति के सचिव मुकुल शाह के पिता तथा नगर पंचायत लोहाघाट के पूर्व अध्यक्ष रमेश लाल शाह के अग्रज थे। नगर में उनके परिवार की विशिष्ट पहचान रही है। उनके निधन की खबर से नगर में शोक व्याप्त हो गया।

दिवंगत शाह को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और नगरवासी श्रषेश्वर घाट पहुंचे। श्री राम सेवा सांस्कृतिक समिति की ओर से दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वहीं, उनके सम्मान में मीना बाजार के सभी प्रतिष्ठान बंद रहे।
नरेंद्र लाल शाह के निधन पर विभिन्न संगठनों और गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
फोटो_ दिवंगत नरेंद्र लाल शाह।



