

चंपावत। एसएसजेयू परिसर चंपावत में छात्रहित की लंबित मांगों को लेकर छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया। छात्र नेता भानु तड़ागी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने डीएसडब्ल्यू के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजकर मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने दो टूक कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों का ठोस समाधान चाहिए।
छात्रों ने बताया कि मांगों को लेकर पूर्व में कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। 24 जुलाई, 31 जुलाई और 11 अगस्त को भी ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गुरुवार को सौंपे ज्ञापन में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
छात्रों की प्रमुख मांगों में इसी सत्र से एनसीसी का संचालन शुरू करने, गणित और योग विषयों में तत्काल प्राध्यापकों की नियुक्ति, आईटी लैब शुरू करने तथा छात्रावास का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की मांग शामिल है।
छात्रों का कहना है कि मूलभूत शैक्षणिक सुविधाओं और विषय विशेषज्ञों की कमी विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जबकि शिक्षकों की कमी से पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
छात्र नेता भानु तड़ागी ने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर अब किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
फोटो_ छात्र नेता भानु तड़ागी के नेतृत्व में छात्रहित की लंबित मांगों को लेकर डीएसडब्ल्यू के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन सौंपते छात्र-छात्राएं।




