चंपावत: कालाकोट शिविर में 541 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 74 शिकायतें पहुंचीं।

Share This Post

तीन किसानों को नौ लाख के ब्याजमुक्त ऋण वितरित, सड़क-पानी और आवास की समस्याएं उठीं।

चंपावत। बाराकोट विकासखंड के कालाकोट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 541 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ दिया गया। शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास और विद्यालय की चारदीवारी समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। कुल 74 शिकायतें और आवेदन प्राप्त होने पर अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

गुरुवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालाकोट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

शिविर में कालाकोट निवासी सुंदर राम ने आवास उपलब्ध कराने, गल्लागांव के नीरज बोहरा ने पुस्तकालय और विद्यालय की चारदीवारी निर्माण तथा बंटोली के नारायण सिंह ने मोटर मार्ग बनाने की मांग उठाई। गल्लागांव के कल्याण सिंह ने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन ठीक कराने की मांग की। इसके अलावा आर्थिक सहायता, सोलर लाइट, आधार कार्ड और शहीद स्मारक निर्माण से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। प्रभारी सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत भुवन सिंह, संजय कुमार और मोहन सिंह को तीन-तीन लाख रुपये के ब्याजमुक्त ऋण चेक वितरित किए। तीनों किसानों को कुल नौ लाख रुपये का ऋण दिया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 52, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग ने 43, होम्योपैथिक विभाग ने 39, पशुपालन विभाग ने 52, उद्यान विभाग ने 48 और कृषि विभाग ने 37 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान कीं। अन्य विभागों ने भी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ममता देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस दौरान बालिका हिमानी का जन्मदिन मनाया गया और ममता बोहरा की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई।

शिविर में जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष निर्मल माहरा, भाजपा नेता सतीश चंद्र पांडे, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्य, लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, जिला पंचायत सदस्य मनीषा कालाकोटी और योगेश जोशी, उपजिलाधिकारी पाटी उज्ज्वल डालाकोटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो_कालाकोट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ देते अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि।


Share This Post