चंपावत: कैन्यूड़ा और गूठां गांव में गूंज रही देव जागर की स्वर लहरियां, बैसी ढोला का भव्य आयोजन शुरू।

Share This Post

लोहाघाट। जनपद चंपावत के विकासखंड पाटी अंतर्गत बिरगुल क्षेत्र के कैन्यूड़ा गांव तथा ग्राम पंचायत गड्यूड़ा के गूठां गांव में पारंपरिक लोक आस्था और संस्कृति के प्रतीक बैसी ढोला (दैनिक जागरण) का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है।
कैन्यूड़ा गांव स्थित जिमीदार मंदिर में 16 जून से तथा गूठां गांव स्थित श्री गुरु गोरखनाथ मंदिर में 17 जून से 10 दिवसीय बैसी ढोला का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन जागर, भजन-कीर्तन एवं पारंपरिक देव विधानों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार कैन्यूड़ा गांव में बैसी ढोला का पारायण 26 जून को तथा गूठां गांव में 27 जून को संपन्न होगा। इस अवसर पर देव डांगरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आशीर्वाद भी प्रदान किया जाएगा।
आयोजन समिति एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कैन्यूड़ा, बिरगुल तथा ग्राम पंचायत गड्यूड़ा सहित आसपास के समस्त क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य लाभ लेने एवं देव आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


Share This Post