खेती को जंगली जानवरों से बचाने का प्रयोग हुआ सफल।
लोहाघाट। क्षेत्र के रीठाखाल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कारपोरेट जगत की मानी हुई हस्ती राजशेखर जोशी ने किसानों, ग्राम प्रधानों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कृषि, रोजगार, शिक्षा और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मिविप्रो रिप्रेजेंटेटिव सुमित यादव ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि हर्वलिव प्लस के छिड़काव से जंगली जानवरों के आतंक से फसलों की सुरक्षा संभव है। उन्होंने कहा कि मध्य गंगोल क्षेत्र के किसानों ने गेहूं की फसल में इसका सफल प्रयोग कर सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए हैं।
संवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें शिशु मंदिर के सुधारीकरण, कृषि से लोगों का बढ़ता मोहभंग तथा लगातार हो रहा पलायन प्रमुख मुद्दे रहे।
राजशेखर जोशी ने कहा कि यदि जल, जंगल, जमीन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए तो क्षेत्र की अनेक समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और करियर मार्गदर्शन के लिए उन्होंने वाधवानी ट्रस्ट से बातचीत की है। जल्द ही देवीधुरा और रीठाखाल इंटर कॉलेज के छात्रों को करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने पर ध्यान देता है तो वह सामाजिक बुराइयों और गलत गतिविधियों से भी दूर रहता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में भविष्य में कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
फोटो – रीठाखाल में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों, प्रधानों और युवाओं की समस्याएं सुनते एवं संबोधित करते राजशेखर जोशी।
चंपावत: पलायन रोकने और खेती बचाने पर जोर, रीठाखाल में किसानों-युवाओं से रूबरू हुए राजशेखर जोशी।
