

20 पदों के लिए 71 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 18 रहे गैरहाजिर।
चंपावत। ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से संचालित पांच संकुल स्तरीय संघों में कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न हो गईं। चंपावत और लोहाघाट के ब्लॉक सभागारों में आयोजित परीक्षा में 20 अस्थायी पदों के लिए 71 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 18 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
संकुल स्तरीय संघों में बिजनेस प्रमोटर, समूह प्रोत्साहक और लेखाकार के पदों पर भर्ती की जा रही है। परीक्षा के लिए कुल 89 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए निर्धारित व्यवस्था के तहत परीक्षा संपन्न कराई गई।
बीडीओ चंपावत रमेश चंद्र जोशी और बीडीओ लोहाघाट कविंद्र रावत के मार्गदर्शन में पैनल के सदस्यों ने परीक्षा संचालन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान सहायक प्रबंधक प्रकाश चंद्र पाठक, सुमित कुमार, अतुल, हिमांशु मेहता, सुनील कुमार, बीएमएम मुशीर अहमद, रमेश पाटनी, आशा सामंत सहित लोहाघाट, चंपावत और पाटी के ब्लॉक रीप स्टाफ ने सहयोग किया।
ग्रामोत्थान परियोजना के डीपीएम ममराज चौहान ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जल्द जारी की जाएगी।
फोटो_संकुल स्तरीय संघों की भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी और पैनल के सदस्य।




