चंपावत: नीट विवाद पर पूर्व सैनिकों में नाराजगी, पेपर लीक करने वालों पर राष्ट्रद्रोह जैसा सख्त कानून बनाने की उठी मांग।

Share This Post

पूर्व सैनिकों ने कहा— छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर जताई चिंता।

चंपावत। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर जिले के पूर्व सैनिकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे दुबारा ऐसी घटनाएं सामने न आए। पूर्व सैनिकों ने यह भी कहा कि किसी भी विरोध प्रदर्शन की आड़ में यदि हिंसा, आगजनी या सुरक्षा बलों पर हमला जैसी घटनाएं होती हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि जरूरत पड़ी तो इनके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्यवाही होनी चाहिए।



बॉक्स

सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पी.एस. फर्त्याल का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना देश के भविष्य के लिए आवश्यक है। यदि किसी भी आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था भंग होती है या राष्ट्रविरोधी गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे दूसरे लोग भी सबक ले सकें।



बॉक्स

जिला पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन आर.एस. देव का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सख्त सजा मिल सके। उन्होंने दिल्ली में हुई हाल ही घटनाओं को देश के लिए घातक बताया है।



बॉक्स

जिला पूर्व सैनिक लीग के महासचिव कैप्टन रघुवीर सिंह का कहना है कि छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक या अन्य किसी उद्देश्य के लिए दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। देशहित सर्वोपरि रखते हुए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाना आवश्यक है। जिससे अराजक तत्वों को छात्रों को मोहरा बनाने का अवसर ना मिल सके।



बॉक्स

सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर सी.वी. बिष्ट का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

फोटो  – नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते पूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी।


Share This Post