विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच, टीबी से लेकर कैंसर स्क्रीनिंग तक की सुविधाएं मिलीं
पाटी/चंपावत। स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पाटी में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 253 मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर में एक्स-रे, रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इसके अलावा ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी हुई। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए।
शिविर में जनरल फिजिशियन ने 150, हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 80 और स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 23 मरीजों का परीक्षण किया। वहीं 60 लोगों की रक्त जांच और 12 लोगों के टीबी एक्स-रे किए गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी और ज्येष्ठ प्रमुख खड़क सिंह मौजूद रहे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय, फिजिशियन डॉ. रविंद्र बोहरा समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना रहा।
फोटो_पाटी में आयोजित विशेष चिकित्सा शिविर में मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।
चंपावत: पाटी में लगा विशेष चिकित्सा शिविर, 253 मरीजों ने उठाया निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ।
