चंपावत: पदोन्नति को तरसे फायर कर्मी, मानदेय के लिए भटक पीआरडी जवान।

Share This Post

फायर सर्विस में 20 साल से पदोन्नति का इंतजार, पीआरडी जवानों ने मांगा 365 दिन रोजगार और मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता।

चंपावत। दूसरों की सुरक्षा और आपदा के समय मोर्चा संभालने वाले फायर सर्विस कर्मी और पीआरडी जवान खुद अपनी मांगों को लेकर इंतजार करने को मजबूर हैं। फायर सर्विस में पदोन्नति का रास्ता बंद है तो पीआरडी जवान सम्मानजनक मानदेय और स्थायी रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

फायर सर्विस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का पद सृजित नहीं होने से कई कर्मचारी 20 वर्षों से मुख्य आरक्षी पद पर अटके हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सिविल पुलिस में दो साल बाद मुख्य आरक्षी को एएसआई पद पर पदोन्नति मिल जाती है, लेकिन फायर सर्विस में वरिष्ठ कर्मचारियों को यह अवसर नहीं मिल रहा। कई बार जूनियर कर्मचारियों के अधीन काम करने की स्थिति भी बन रही है। इस संबंध में शासन स्तर पर पत्रावली लंबित है। कर्मचारियों का तर्क है कि पदोन्नति व्यवस्था लागू करने से राजकोष पर अतिरिक्त भार भी नहीं पड़ेगा।

दूसरी ओर पीआरडी जवान 365 दिन रोजगार, मूल वेतन के साथ 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की ओर से 300 दिन रोजगार देने की बात कही गई थी, लेकिन संगठन इससे आगे बढ़कर पूरे साल रोजगार देने की मांग कर रहा है। इसके अलावा 10 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद सेवा से अलग होने या सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि देने की मांग भी उठाई गई है।

पीआरडी हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह पंवार ने बताया कि संगठन ने 13 अक्टूबर को गृह सचिव और विभागीय मंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा था, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिली। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान हर तरह की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तुलना में काफी कम मानदेय मिल रहा है। लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से जवानों में नाराजगी है।

फोटो_ विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में तैनात पीआरडी जवान।


Share This Post