चंपावत: चूल्हे-चौके से बाजार तक पहुंचीं पहाड़ की महिलाएं, 11 हजार से अधिक बनीं लखपति दीदी।

Share This Post

17,237 महिलाओं को मिला आजीविका का सहारा, विम्मी जोशी के प्रयासों से चंपावत के उत्पादों ने बनाई देश-विदेश में पहचान।

चंपावत। जिन हाथों को कभी चूड़ियों और घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित समझा जाता था, आज वही हाथ पहाड़ की अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रहे हैं। चंपावत की ग्रामीण महिलाओं ने साबित कर दिया है कि मौका मिले तो पहाड़ की महिलाएं किसी से पीछे नहीं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर 17,237 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर हैं, जबकि 11,128 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इस बदलाव के पीछे एपीडी विम्मी जोशी के प्रयासों की अहम भूमिका रही है।

अब पहाड़ की महिलाएं सिर्फ घर चलाने तक सीमित नहीं, बल्कि बाजार में अपने उत्पादों की पहचान बना रही हैं। बुरांश का जूस, लाल चावल, शहद, प्राकृतिक पेय और हाथों से तैयार लोहे की कढ़ाइयां चंपावत की पहचान बन रही हैं। स्थानीय उत्पादों की पहुंच देश के बाहर तक होने लगी है। समूहों की महिलाएं दूध उत्पादन, बेकरी, नमकीन, मसाले और त्योहारों का सामान तैयार कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।

जंगलों में आग का बड़ा कारण बनने वाला पिरूल भी अब महिलाओं की कमाई का जरिया बन रहा है। इससे ईंधन ब्रिकेट और सजावटी सामान तैयार किया जा रहा है। बापरू में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बना महिला समूहों का कैफे पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। पाटी में कीवी और टनकपुर-बनबसा में आम व लीची उत्पादन को बढ़ावा देने की तैयारी है।

महिलाओं की इस कामयाबी ने यह भी दिखाया है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की असली ताकत गांवों में ही मौजूद है। जरूरत सिर्फ सही दिशा, बाजार और अवसर उपलब्ध कराने की है। एपीडी विम्मी जोशी अब चंपावत की पहचान से जुड़ा ऐसा खास गिफ्ट आइटम तैयार करने की योजना बना रही हैं, जो लोगों के घरों को रोशन करेगा।

कई तबादलों के बावजूद विम्मी जोशी ने अपने काम की रफ्तार नहीं थमने दी। विधायक सुबोध उनियाल ने उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में बुलाया था, जहां उन्होंने साढ़े तीन साल तक काम किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की है।

बॉक्स_ ईमानदारी से काम हो तो नतीजे खुद बोलते हैं

एपीडी विम्मी जोशी का कहना है कि किसी भी काम को ईमानदारी और लगन से किया जाए तो परिणाम जरूर मिलते हैं। पारिवारिक संस्कारों से मिली ईमानदारी उनकी सबसे बड़ी ताकत है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का भरोसा और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

फोटो_महिला समूहों को आत्मनिर्भरता की राह दिखातीं एपीडी विम्मी जोशी।


Share This Post