विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया उपचार, गंभीर मरीजों के मुफ्त ऑपरेशन होंगे मायावती अस्पताल में।
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय द्वारा पनार घाटी के सुदूर बर्दाखान गांव में विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई गई। दुर्गम क्षेत्र में लगे इस शिविर में 180 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मौके पर ही दवाइयां और चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। वहीं चार दर्जन से अधिक गंभीर मरीजों को चिन्हित कर उनके मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क उपचार और ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है।
आश्रम अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज के निर्देशन और चिकित्सालय प्रभारी स्वामी एकदेवानंद महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में एम्स पांडिचेरी के पूर्व निदेशक डॉ. डी.एस. दुबे के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं। शिविर में मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सीय परीक्षण और दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान लगभग तीन दर्जन मरीजों के खराब और सड़े हुए दांत निकालकर उन्हें दर्द से राहत दी गई, जबकि साधारण शल्य चिकित्सा भी की गई। प्रख्यात सर्जन डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. विशन पाल, डॉ. अनुज राणा और डॉ. लोकेश ने मरीजों को विशेष चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कीं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डी.एस. दुबे ने ग्रामीणों को दूषित जल, अनियमित दिनचर्या और गर्म मौसम से होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए समर्पित संस्थान है, जहां बिना किसी शुल्क के उपचार, आंखों के ऑपरेशन और अन्य सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 1 जून से 3 जून तक मायावती चिकित्सालय में पहली बार मूत्र एवं किडनी रोगों से संबंधित विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विदेश से विशेषज्ञ डॉक्टर भी पहुंचेंगे। उन्होंने लोगों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के सफल संचालन में मायावती चिकित्सालय की पैरामेडिकल टीम के मनोज पुनेठा, पंकज जोशी, सतीश पुनेठा, अनिल पुनेठा, अजय पुनेठा, पंकज चौड़ाकोटी, फार्मासिस्ट मोनिका बिष्ट, जीवन राम के अलावा मनोज जोशी, राजू गड़कोटी, मनीष कालाकोटी, भवान कालाकोटी आदि ने सहयोग किया। ग्रामीणों ने कहा कि सुदूर क्षेत्र में इस तरह का चिकित्सा शिविर लगना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुआ है, क्योंकि यहां स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं।
फोटो– पनार घाटी के बर्दाखान गांव में मायावती आश्रम द्वारा आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ उठाते ग्रामीण।
चंपावत: पनार घाटी के सुदूर बर्दाखान में मायावती आश्रम का बड़ा चिकित्सा सेवा अभियान, 180 से अधिक मरीजों को मिली राहत।

