चंपावत: महंगे मोबाइल से ज्यादा जरूरी बच्चों का भविष्य!

Share This Post

नशे से बचाने को अभिभावक भी बनें पुलिस की आंख-कान, नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई को पुलिस सख्त।

लोहाघाट। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस ने अब अभिभावकों से भी मोर्चा संभालने की अपील की है। आदर्श थाना लोहाघाट के थानाध्यक्ष ओम प्रकाश और एसआई सोनिका जोशी ने कहा कि बच्चों को महंगे मोबाइल और सुविधाएं देने से ज्यादा जरूरी उनका सुरक्षित भविष्य है। नशा एक व्यक्ति का जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां और शांति तबाह कर देता है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि नशे के कारोबारियों और थोक व्यापारियों के खिलाफ पुलिस पूरी गंभीरता से अभियान चलाएगी। नशे के नेटवर्क की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में आम लोगों की भूमिका अहम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की जरूरत और शौक के लिए हजारों रुपये का मोबाइल खरीद देते हैं, लेकिन उन्हें नशे से दूर रखने और उनकी संगत पर नजर रखने को उतना महत्व नहीं देते। मोबाइल जरूरत हो सकता है, लेकिन बच्चे का भविष्य उससे कहीं ज्यादा कीमती है।
पुलिस ने लोगों से ‘बगैर वर्दी की पुलिस’ बनकर नशे से जुड़ी गतिविधियों की गुप्त सूचना देने की अपील की। एसओ ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “यदि हमारे रहते क्षेत्र से नशे की मादक दुर्गंध आती है तो यह हमारी वर्दी के प्रति अन्याय है।”

फोटो_ थानाध्यक्ष ओम प्रकाश एवं एसआई सोनिका जोशी।


Share This Post