चंपावत: मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में दंत रोगियों की उमड़ी भीड़, एक दिन में 93 मरीजों का निशुल्क उपचार।

Share This Post

लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में संचालित निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर लगातार ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है। शुक्रवार को शिविर में 93 दंत रोगियों का निशुल्क उपचार कर उन्हें राहत प्रदान की गई। इससे एक दिन पहले भी करीब चार दर्जन मरीजों का इलाज किया गया था। ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों की सुविधा के लिए चिकित्सालय की ओर से निशुल्क बस सेवा भी संचालित की गई, जिससे दूर-दराज के लोगों को शिविर तक पहुंचने में आसानी हुई।

शिविर का नेतृत्व कर रहे डॉ. गौतम बाय ने बताया कि मरीजों के दांतों की सर्जरी, रूट कैनाल, कैविटी उपचार तथा अन्य दंत संबंधी समस्याओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इलाज किया गया। उन्होंने कहा कि भोजन के बाद ब्रश न करना, अत्यधिक ठंडी और गर्म चीजों का एक साथ सेवन करना, गुटखा, खैनी एवं अन्य नशे का सेवन दांतों को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। लोगों को दांतों की नियमित सफाई और समय-समय पर जांच करानी चाहिए।

चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद महाराज ने बताया कि क्षेत्र में दंत रोगियों की संख्या काफी अधिक है। इसे देखते हुए जल्द ही चिकित्सालय में स्थायी दंत चिकित्सक की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित दंत चिकित्सा शिविर आयोजित कर लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

फोटो_ दंत रोग चिकित्सा शिविर में अपनी बारी का इंतजार करते हैं रोगी।


Share This Post