आर्थिक संघर्षों को मात देकर पाई बड़ी सफलता, इसी वर्ष रसायन विज्ञान में पूरी की पीएचडी
चंपावत। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बीच चंपावत के छतार वार्ड निवासी अनिल कोठारी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित वैज्ञानिक (Scientist) पद की भर्ती परीक्षा में ऑल इंडिया 7वीं रैंक प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की है।
अनिल ने इसी वर्ष भारतीय पेट्रोलियम संस्थान, देहरादून से रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) में पीएचडी की उपाधि भी हासिल की है। आर्थिक अभावों के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार कठिन परिश्रम करते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की।
उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो संसाधनों की कमी को अपनी मंजिल की राह में बाधा मानते हैं। अनिल ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अनिल कोठारी की इस उपलब्धि से पूरे चंपावत में खुशी की लहर है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
फोटो_UPSC की वैज्ञानिक भर्ती परीक्षा में ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल करने वाले चंपावत के होनहार अनिल कोठारी।
चंपावत के अनिल कोठारी ने रचा इतिहास, UPSC वैज्ञानिक भर्ती में देशभर में हासिल की 7वीं रैंक
