

छह पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, चार पदों के लिए हुआ मतदान; 37.72 फीसदी मतदान
लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान और मतगणना के दौरान कॉलेज परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने परिणाम घोषित किए।
छात्रसंघ के 11 पदों में से छह पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे, जबकि चार पदों के लिए मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद पर हिमांशु कुमार, छात्र उपाध्यक्ष पद पर आरती चौधरी, सचिव पद पर अमित चिलकोटी, संयुक्त सचिव पद पर हिमांसी बोहरा और सांस्कृतिक सचिव पद पर निखिल राय निर्विरोध निर्वाचित हुए।
वहीं कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर शुभम जोशी, कला संकाय प्रतिनिधि पद पर आरती अधिकारी और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर स्नेहा मेहरा ने जीत दर्ज की। छात्र उपाध्यक्ष के एक पद का नामांकन तकनीकी कारणों से निरस्त होने के कारण इस पद पर चुनाव नहीं हो सका।
कॉलेज में कुल 2627 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 991 विद्यार्थियों ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 37.72 फीसदी रहा। मतदान करने वालों में 668 छात्राएं शामिल रहीं।
मतदान से लेकर मतगणना तक कॉलेज परिसर में पुलिस की कड़ी निगरानी रही। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों ने खुशी जताई। प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाकर शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया। उन्होंने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सुरक्षा कर्मियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया।
फोटो_ छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद खुशी जताते विजयी प्रत्याशी।




