चंपावत: स्वाला में फिर फिसला पहाड़, सड़क पर बरसा मलबा-पत्थर।

Share This Post

बारिश के साथ बढ़ा डेंजर जोन का खतरा, डीएम की लगातार नजर; हाईवे पर आवाजाही बनी चुनौती।

चंपावत। टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग का स्वाला डेंजर जोन बारिश के बीच एक बार फिर खतरनाक हो गया है। मंगलवार को तेज बारिश के बाद निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार के किनारे पहाड़ी दरकने लगी और देखते ही देखते मलबे व पत्थरों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। इससे हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक और यात्री सहम गए।
बारिश बढ़ते ही स्वाला की पहाड़ी में हलचल तेज हो गई है। ऊपर से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिरने से सड़क पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। बड़े पत्थरों की चपेट में वाहन या राहगीर आने की आशंका ने खतरे को और बढ़ा दिया है।

स्वाला डेंजर जोन लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील रहा है। यहां सुरक्षा कार्य चल रहे हैं, लेकिन बारिश के दौरान पहाड़ी का दरकना साफ संकेत दे रहा है कि खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों के साथ लगातार निगरानी बेहद जरूरी हो गई है।

डीएम की सीधी निगरानी, मलबा हटाने में जुटी टीम

स्वाला डेंजर जोन की स्थिति पर जिलाधिकारी लगातार निगाह बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कार्यदायी संस्था की टीम मलबा हटाने और हाईवे को सुरक्षित बनाए रखने में जुटी है। अधिकारियों ने मौके पर तैनात टीम को पहाड़ी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बारिश के दौरान यात्रियों और वाहन चालकों से अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा बेहद सावधानी से सफर करने की अपील की गई है। स्वाला में पहाड़ की हर हलचल अब खतरे की दस्तक बन रही है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में जरा सी चूक भी भारी पड़ सकती है।

फोटो_स्वाला डेंजर जोन में बारिश के बाद दरकी पहाड़ी से हाईवे पर गिरता मलबा और पत्थर।


Share This Post