

चंपावत। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। 2 सितंबर (बुधवार) को जिलेभर के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 2 सितंबर को चंपावत जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनीष कुमार के निर्देश पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत यह आदेश जारी किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बुधवार को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।




