चंपावत: स्वतंत्रता दिवस पर बैडमिंटन कोर्ट में गूंजा खेल का जोश, डीएम ने खुद खेलकर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ।

Share This Post

नशामुक्त भारत का संदेश लेकर मैदान में उतरे खिलाड़ी, स्वस्थ समाज की ओर बढ़ाया कदम।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन और नशामुक्त भारत अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पूल्ड आवास स्थित बैडमिंटन कोर्ट में बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद स्वयं बैडमिंटन खेलकर किया। प्रतियोगिता में 35 वर्ष एवं 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर क्षेत्र से पहुंचे खिलाड़ियों ने कोर्ट पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में जिला गंगा समिति, चम्पावत का सहयोग रहा। वहीं जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष भोपाल सिंह मेहता, सचिव सचिन वर्मा, पंकज वर्मा एवं विष्णु गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, डीओ पीआरडी जसवंत सिंह खड़ायत, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

फोटो_स्वतंत्रता दिवस पर पूल्ड आवास स्थित बैडमिंटन कोर्ट में प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान युवाओं से रूबरू होते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post