

चंपावत। राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत रविवार को पंचेश्वर क्षेत्र में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित मैराथन में स्थानीय व आसपास के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और नशामुक्त भारत का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पंचेश्वर दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जिला पंचायत चंपावत एवं स्थानीय युवाओं के सहयोग से पुलहिंडोला से खालगढ़ा तक मिनी मैराथन कराई गई। दौड़ से पूर्व प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
आयोजकों ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। आयोजन के जरिए युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
फोटो_नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ लेते पुलिसकर्मी एवं मिनी मैराथन में शामिल युवा।




