चंपावत: उच्च हिमालय में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जज्बा, ITBP जवानों ने सीमावर्ती ग्रामीणों संग मनाया स्वतंत्रता दिवस।

Share This Post

वाइब्रेंट विलेज में ITBP ने बढ़ाया ग्रामीणों का हौसला, सहायक सेनानी गौरव कुमार ने किया ध्वजारोहण।

लोहाघाट। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात हिमवीरों ने वाइब्रेंट विलेज के ग्रामीणों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान सहायक सेनानी गौरव कुमार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद दिनभर देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए और राष्ट्रभक्ति गीतों का गायन हुआ। इस अवसर पर जवानों ने सीमावर्ती गांवों के लोगों के साथ सामूहिक रूप से भोजन कर उनके साथ आत्मीयता का परिचय दिया। सहायक सेनानी गौरव कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों का स्वागत करते हुए कहा कि सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोग बिना वर्दी के देश के ऐसे सैनिक हैं, जो पीढ़ियों से सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों की मौजूदगी देश की सीमाओं को मजबूती प्रदान करती है।

बॉक्स_


संडे ऑन साइकिलिंग से दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

वहीं रविवार को वाहिनी मुख्यालय में जवानों और अधिकारियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रखने के उद्देश्य से ‘संडे ऑन साइकिलिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेंट संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में हिमवीरों एवं अधिकारियों ने सामूहिक रूप से साइकिल चलाकर लंबी दूरी तय की। इसके साथ ही पैदल दूरी भी तय की गई। कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से शरीर को सक्रिय और स्वस्थ रखने के साथ-साथ ईंधन की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने जवानों एवं अधिकारियों से नियमित रूप से फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

फोटो_उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमावर्ती गांव के लोगों के साथ सामूहिक भोजन करते आईटीबीपी के जवान।


Share This Post