

रामपुर तिराहा गोलीकांड की याद दिलाकर सपा को घेरा, कांग्रेस से पूछा- गठबंधन के साथी के बयान पर चुप्पी क्यों?
हल्द्वानी। उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने संबंधी समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा पलटवार किया है। हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि नहीं, वीरभूमि भी है। यहां के लोगों को घुसपैठिया कहना प्रदेश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास याद दिलाते हुए खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा गोलीकांड का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया और गोलियां तक झेलीं। उत्तराखंड की जनता राज्य निर्माण के लिए दिए गए बलिदान को आज भी नहीं भूली है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया बताने वाली टिप्पणी ने उत्तराखंड के स्वाभिमान से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

धामी ने अखिलेश यादव के पिता और उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का भी जिक्र किया। राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के लोगों के संघर्ष और बलिदान को रेखांकित किया। उनके इस बयान से प्रदेश में सियासी टकराव तेज हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को भी कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि क्या पार्टी अखिलेश यादव की टिप्पणी से सहमत है? उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस गठबंधन में हैं, ऐसे में कांग्रेस को इस बयान पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उत्तराखंडियों के सम्मान के सवाल पर कांग्रेस की चुप्पी को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सवाल उठाए।
न्याय यात्रा पर भी कांग्रेस को सुनाई खरी-खरी_
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को आगे नहीं आने देगी। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के लिए आखिर क्या किया? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड और देश को शर्मसार करने का काम किया है।
अखिलेश यादव की टिप्पणी ने उत्तराखंड की राजनीति में नया विवाद छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य आंदोलन के बलिदान और प्रदेश के स्वाभिमान को मुद्दा बनाकर सपा पर सीधा हमला बोला, वहीं कांग्रेस को भी गठबंधन धर्म और प्रदेश के प्रति उसके रुख पर जवाब देने की चुनौती दी।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।



