

हृदय, किडनी, नसों और हड्डियों के रोगों का मिलेगा उपचार संबंधी परामर्श; ईसीजी से लेकर दवाएं तक मुफ्त
चंपावत। जिले के लोगों को अब हृदय, किडनी, नसों और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिला चिकित्सालय चंपावत में 27 से 29 नवंबर तक तीन दिवसीय मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत के विजन के तहत आयोजित इस शिविर में कनिष्क सर्जिकल एवं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल देहरादून की टीम अपोलो हॉस्पिटल्स के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाएं देगी। शिविर तीनों दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
शिविर में हृदय रोग, किडनी रोग, न्यूरोलॉजी तथा हड्डी एवं जोड़ रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। इसके अलावा सामान्य बीमारियों के लिए जनरल फिजिशियन भी उपलब्ध रहेंगे।
खास बात यह है कि मरीजों को केवल विशेषज्ञ परामर्श ही नहीं, बल्कि रक्तचाप, ब्लड शुगर, ईसीजी, फेफड़ों की कार्यक्षमता (पीएफटी) और हड्डियों के घनत्व (बीएमडी) की जांच भी निःशुल्क मिलेगी। मरीजों को आवश्यक दवाओं का वितरण भी मुफ्त किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पुराने चिकित्सकीय पर्चे और जांच रिपोर्ट साथ लाने को कहा है, ताकि विशेषज्ञ डॉक्टर पूर्व उपचार के आधार पर बेहतर परामर्श दे सकें।
शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9410-550-980 पर संपर्क किया जा सकता है।
फोटो_ शिविर की जानकारी देते सीएमओ डॉ. देवेश चौहान।




