भारी बारिश के अलर्ट पर चंपावत में बड़ा फैसला, कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय रहेंगे बंद।

Share This Post

चंपावत। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से सोमवार को भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। 7 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक संचालित जिले के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को चंपावत जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनीष कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत यह आदेश जारी किया है।

अवकाश का आदेश जिले के सभी शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों पर लागू होगा। यानी सोमवार को कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में भौतिक रूप से शिक्षण कार्य नहीं होगा। सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
प्रशासन ने विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।


Share This Post